24-08-2026 : राधारमण में आधुनिक विनिर्माण तकनीकों से रूबरू हुए इंजीनियरिंग विद्यार्थी
भोपाल, 24 अगस्त 2026। राधारमण इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (आरआईटीएस), भोपाल के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा “प्रिसाइज इंजीनियरिंग कंपोनेंट्स के लिए एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीक्स” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक विनिर्माण तकनीकों, औद्योगिक कार्यप्रणाली और उद्योग की बदलती आवश्यकताओं से परिचित कराना था।
संगोष्ठी में सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ प्लास्टिक्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सिपेट), भोपाल के सहायक तकनीकी अधिकारी अभिषेक ओझा एवं शैलेन्द्र घोड़की विशेषज्ञ वक्ता के रूप में शामिल हुए। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए आधुनिक विनिर्माण पद्धतियों और वर्तमान औद्योगिक परिदृश्य में आवश्यक कौशलों की जानकारी दी।
सत्र के दौरान उद्योग में अपेक्षित कौशल, कार्यस्थल के लिए तैयारी, औद्योगिक कार्य-परिवेश, उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों की अपेक्षाएं, उत्पादकता बढ़ाने वाले उपकरण एवं तकनीक, गुणवत्ता प्रबंधन तथा उत्पादकता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विनिर्माण क्षेत्र के व्यावहारिक पहलुओं और वर्तमान औद्योगिक मानकों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर राधारमण ग्रुप के अध्यक्ष इंजीनियर संजीव सक्सेना ने कहा कि “आज के प्रतिस्पर्धी औद्योगिक वातावरण में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीकों और गुणवत्ता एवं उत्पादकता के मानकों की व्यावहारिक समझ होना आवश्यक है। राधारमण समूह का निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को विशेषज्ञों और उद्योग जगत के साथ संवाद के ऐसे अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ रोजगार एवं उद्योग की आवश्यकताओं के लिए भी बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।”
डॉ. पी.के. लाहिरी, ग्रुप डायरेक्टर, आरजीआई; डॉ. जितेंद्र सक्सेना, प्रबंध निदेशक; डॉ. अजय सिंह, निदेशक, आरआईटीएस; डॉ. जयपाल बिष्ट, डीन (छात्र कल्याण); एवं श्री एस.बी. खरे, डीन (प्रशासन) ने संगोष्ठी के सफल आयोजन के लिए अपना सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान किया।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. पराग मिश्रा ने कार्यक्रम के संयोजक की भूमिका निभाई, जबकि अरहम जावेद एवं प्रो. आशीष वर्मा ने कार्यक्रम का समन्वय किया।
Posted By :