27-08-2026 : राधारमण विद्यार्थियों ने सीपीआरआई भोपाल का किया शैक्षणिक भ्रमण
भोपाल: राधारमण इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (आरआईटीएस) के इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थियों ने केंद्रीय विद्युत अनुसंधान संस्थान (सीपीआरआई), भोपाल का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने यहां शॉर्ट सर्किट टेस्टिंग, ईएमसी टेस्टिंग, ऑयल टेस्टिंग तथा स्विचगियर टेस्टिंग एवं डेवलपमेंट से जुड़ी प्रयोगशालाओं का अवलोकन कर विद्युत उपकरणों के परीक्षण और अनुसंधान की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने उच्च वोल्टेज परीक्षण, विद्युत सुरक्षा, इंसुलेटिंग ऑयल की जांच, सर्किट ब्रेकर एवं स्विचगियर के परीक्षण तथा इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कम्पैटिबिलिटी जैसी तकनीकों को समझा। भ्रमण ने विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक एवं अनुसंधान कार्यों से जोड़ने का अवसर प्रदान किया।
राधारमण ग्रुप के अध्यक्ष इंजीनियर संजीव सक्सेना ने कहा, विद्यार्थियों के तकनीकी विकास के लिए केवल कक्षा में पढ़ाया गया सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। ऐसे औद्योगिक और अनुसंधान संस्थानों का प्रत्यक्ष अनुभव उन्हें तकनीक की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने में मदद करता है। राधारमण ग्रुप विद्यार्थियों को ऐसे व्यावहारिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर ग्रुप डायरेक्टर डॉ. पी.के. लाहिरी, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. जितेंद्र सक्सेना, आरजीआई के डीन श्री एस.बी. खरे, आरआईटीएस के डायरेक्टर डॉ. अजय कुमार सिंह, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख श्री वरुण प्रताप सिसोदिया सहित फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने सीपीआरआई के विशेषज्ञों से विभिन्न परीक्षण प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की और तकनीकी विषयों पर संवाद किया।
Posted By :